पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में सात जवान शहीद, चार अन्य घायल

रांची,झारखंड में गढ़वा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सात जवान शहीद हो गये और चार अन्य जवान घायल हो गये। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के बूढ़ा पहाड़ के समीप पोलपोल गांव के पास मंगलवार की शाम माओवादियों द्वारा किये गए लैंड माइंस विस्फोट में झारखंड जगुआर पुलिस के सात जवान शहीद हो गए और चार जवान घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए रांची भेजने की व्यवस्था की गयी। इसके लिए रांची से हेलीकॉप्टर मंगाया गया । लेकिन मौसम खराब रहने के कारण घायलों को समय पर इलाज के लिए अस्पताल भेजने के काम में परेशानी हुई। मौके से पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन पूर्व खपरी महुआ के करीब माओवादिओं द्वारा फायरिग की आवाज सुनी गई थी। इसके आलोक में मंगलवार को उन्हें घेरने के लिए जगुआर और सीआरपीएफ के जवान निकले थे। इसी क्रम में वे माओवादिओं के बिछाये लैंड माइन्स की चपेट में आ गए।नक्सलियों की ओर से पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग भी की गयी। बूढ़ा पहाड़ इलाके में नक्सलियों द्वारा अचानक हुए इस हमले में सात जवानों की मौत हो गयी, जबकि घायल जवानों को घटनास्थल से अस्पताल लाने के लिए एमआई हेलीकॉप्टर मौके पर भेजा गया।
बताया गया है कि लैंड माइंस विस्फोट कर पुलिस वाहन को उड़ाने के बाद नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की। नक्सलियों ने घायल जवानों के हथियार भी लूट लिये। इस घटना के बाद देर रात तक मुठभेड़ जारी थी।
नक्सली हमले की खबर मिलते ही पुलिस मुख्यालय की ओर घटनास्थल की ओर से अतिरिक्त बलों को रवाना कर दिया गया है और वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये है। यह इलाका घोर उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। अर्द्धसैन्य बल के जवान यहां करीब एक वर्ष से नक्सल उन्मूलन अभियान में जुटे है और इलाके में कई स्थानों पर स्थायी पुलिस कैंप का भी निर्माण भी किया गया है। जबकि बूढ़ा पहाड़ पर बड़े ऑपरेशन चलाने की तैयारी में इलाके को भी खाली करा दिया गया है और सैकड़ों ग्रामीणों को दूसरे स्थान पर बसाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *