दूसरे लोकनायक बनेंगे यशवंत सिन्हा,भाजपा को कहा अलविदा

पटना,भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री रहे वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने आज भाजपा को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। इसके साथ ही उन्होंने दलगत राजनीति से भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी। कहा जाता है कि बिहार की धरती यशवंत सिन्हा के रुप में एक और लोकनायक देने जा रही है। गौरतलब है कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने भारतीय जनमानस पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है, अब उन्हीं की राह पर यशवंत चलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने जहां भाजपा छोड़ने का ऐलान किया है वहीं गैर राजनीतिक संगठन राष्ट्र मंच बनाकर देश के लिए काम करने की भी घोषणा कर दी है।
आम चुनाव 2019 के मद्देनजर भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश को लेकर पटना के एसकेएम हॉल में आयोजित राष्ट्र मंच से भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया। यहां यशवंत सिन्हा ने कहा कि ‘भाजपा के साथ सभी संबंधों को आज समाप्त करता हूं।’ वहीं उन्होंने कहा कि ‘आज दलगत राजनीति से भी मैं संन्यास लेता हूं।’ कार्यक्रम में उपस्थित जन को संबोधत करते हुए यशवंत ने कहा कि ‘मैंने अपने संबोधन में जानबूझ कर मित्रों शब्द का उपयोग नही किया, जब देश मुसीबत में था, पटना ने रास्ता दिखाया था। आज भी देश को पटना रास्ता दिखाएगा।’ उन्होंने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के कारण संसद का सत्र छोटा किया गया। देश में ऐसा कभी नहीं हुआ। यहां हम सभी देश के हालात पर विचार करने आए हैं। देश की परिस्थिति वाकई चिंताजनक है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पटना से मेरा लगाव शुरू से रहा है। मैंने यहां पढ़ाई की और नौकरी भी की। यहां उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा को आश्वस्त किया कि वो घबराएं नहीं, मैं यहां से चुनाव नहीं लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि उनका दिल देश के लिए धड़कता है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के संबंध में उन्होंने अपना विचार रखा और कहा कि न्याय पालिका का एक भाग सड़ गया है जिससे बदबू आ रही है।
गैर-भाजपा दलों के इस अधिवेशन में यशवंत सिन्हा के अलावा बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाजपा सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा तथा शरद यादव व उदय नारायण चौधरी के साथ ही साथ देशभर के प्रमुख दलों के नेता एवं प्रतिनिधि भी शिरकत कर रहे हैं। गौरतलब है कि यशवंत सिन्हा मोदी सरकार के सबसे मुखर आलोचक रहे हैं, ऐसे में उनका भाजपा सांसदों से राष्ट्रीय हित में मुखर होने की अपील का असर अवश्य ही देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *