राष्ट्रमंडल हॉकी में भारतीय महिलाओं ने मलेशिया को 4-1 से पीटा

गोल्ड कोस्ट,भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को अपने पूल ए के हॉकी मैच में 4-1 से हरा दिया। वहीं पहले दिन भारत को अपने से कम रैंक वाली वेल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। पहले दिन मिली हार से सबक लेते हुए भारतीय टीम ने इस मैच में कोई गलती नहीं की। भारत ने पहले क्वार्टर में एक और तीसरे क्वार्टर में एक एक गोल किया जबकि आखिरी क्वार्टर में दो गोल दागे। वहीं मलेशिया की टीम ने अपना एकमात्र गोल तीसरे क्वार्टर में किया। इस मैच में भारत के लिए गुरजीत कौर ने छठे और 39वें, कप्तान रानी रामपाल ने 55वें मिनट और 59वें मिनट में लालरेमिसियामी ने गोल किए। वहीं, मलेशिया की ओर से नूरानी राशिद ने 38वें मिनट में गोल किया। भारतीय टीम को शुरुआत के छठे मिनट में ही दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला और गुरजीत ने अपने शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत को 1-0 से बढ़त दिला दी।
पहले क्वार्टर के समाप्त होने के समय तक भारत 1-0 से आगे रहा। दूसरे क्वार्टर में भारत को पेनाल्टी कार्नर मिला पर विपक्षी गोलकीपर ने उसे विफल कर दिया। वहीं तीसरे क्वार्टर के 34वें मिनट में नेहा ने भारत की बढ़त को दोगुना कर ही दिया था, पर मलेशिया ने इस पर रेफरल लिया और रेफरी ने इस गोल को अमान्य करार दे दिया। चार मिनट बाद मलेशिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार नूरानी ने उसे गोल में बदल कर अपनी टीम का खाता खोला। अगले ही मिनट में गुरजीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक और गोल कर भारत को एक बार फिर 2-1 से फिर आगे कर दिया। इसके बाद आखिरी क्वार्टर में भारत ने दो और गोल कर 4-1 से बड़ी जीत तय की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *