भाजपा बैठक में सांसद विष्णुदेव ने सौदान सिंह को सीएम कह दिया बाद में सुधारी गलती

रायपुर,नेताओं की जुबान अक्सर फिसलती रहती है, जिसकी वजह से कई बार वे विवाद में आ जाते हैं या फिर हंसी के पात्र बनते हैं। ऐसा ही वाकया रायगढ़ में भाजपा की समीक्षा बैठक के दौरान हुआ, जहां सांसद विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह को छत्तीसगढ़ का यशस्वी मुख्यमंत्री कहकर संबोधित किया। इस पर मौजूद सभी पदाधिकारी हंस पड़े। कुछ देर बाद उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने सुधार करते हुए खेद व्यक्त किया तथा सह संगठन मंत्री बताया। सरकार की चौथी पारी को सफल बनाने के उद्देश्य से भाजपा संगठन के नेताओं का दौरा शुरू हो गया है। बिलासपुर संभाग के पांच जिलों की स्थिति पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री ने लगातार बैठकें लेकर पार्टी की स्थिति पर कार्यकर्ताओं से विमर्श किया है। इसी कड़ी में आज रायगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान कई तरह की शिकायतें सामने आईं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी से जुड़े पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों को बैठक में नहीं बुलाया गया। विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख भाजपा नेताओं को दरकिनार करने से अंदरूनी रोष बढ़ रहा है, जिसके कारण आगामी चुनाव में पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। शुक्रवार को राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, रायगढ़ सांसद विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रमशीला साहू, रायगढ़ विधायक रोशनलाल अग्रवाल समेत कई दिग्गज भाजपा नेता रायगढ़ पहुंचे थे, जहां उन्होंने भाजपा के नये कार्यालय का उद्घाटन किया। उसके बाद विधानसभा क्षेत्रों से आये कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *