राहुल की मंदिर यात्राएं हिंदुओं की जीत: तोगड़िया

मुंबई, विश्व हिन्दू परिषद कार्यकारी अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को मंदिरों में जाना पड़ रहा है, जो हिंदुत्व की जीत है। कांग्रेस वह दल है, जिसके नेताओं ने एक समुदाय विशेष के तुष्टिकरण की सभी हदें पार की हैं, लेकिन अब उसके उपाध्यक्ष मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि अब हिंदुओं की ताकत को सभी दल महसूस कर रहे हैं, जिसे इस देश में राजनीति करनी होगी, उसे हिंदुत्व का सम्मान करना होगा। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में तोगड़िया कश्मीर पर भी बोले। उन्होंने कहा, जो लोग आजाद कश्मीर की बात करते हैं, उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए। बता दें कि जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा था कि पाक अधिकृत कश्मीर पाकिस्तान का है और भारत तथा पाकिस्तान चाहे जितने युद्ध कर लें, यह नहीं बदलने वाला। तोगड़िया ने कहा, कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। फिल्म ‘पद्मावती’ को लेकर चल रहे विवाद पर तोगड़िया ने कहा कि इस मुद्दे पर सेंसर बोर्ड को कदम उठाना चाहिए और इसकी रिलीज रोक देनी चाहिए। पद्मावती एक महान महारानी थीं। उनके जीवन पर बनी फिल्म के खिलाफ लोगों को क्यों प्रदर्शन करना चाहिए। यह सेंसर बोर्ड की जिम्मेदारी है। उसे कदम उठाना चाहिए और फिल्म को रिलीज की अनुमति नहीं देनी चाहिए। पद्मावती में ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया है और इससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *