UP में भाजपा निकाय चुनाव के संकल्प पत्र में मथुरा, वृंदावन, विंध्याचल, प्रयाग और अयोध्या को हवाई सेवा से जोड़ने का वादा किया

लखनऊ,उप्र विधानसभा चुनाव में संकल्प पत्र लाकर बम्पर जीत हासिल करने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनाव भी उसी तर्ज पर जीतनेे के लिए संकल्प पत्र की घोषणा की है। संभवतः पहली बार कोई राजनैतिक दल ने निकाय चुनाव में घोषणा पत्र लाया है। दरअसल निकाय चुनाव सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार के लिए पहले इम्तिहान सरीखा भी है। इसलिए पार्टी और सरकार दोनों ही इन चुनावों को लेकर खासी गंभीर है। संकल्प पत्र के जरिए भाजपा ने नगरीय क्षेत्र में जनता को बुनियादी सुविधा पेयजल, सफाई, पार्क आदि बेहतर करने, लखनऊ के अलावा धार्मिक स्थलों मथुरा, वृंदावन, विंध्याचल, प्रयाग, अयोध्या को इवाई सेवा से जोड़ने, प्रमुख बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाने, शहरी मलिन बस्तियों को स्वच्छ करने तथा स्ट्रीट लाइट को एलईडी में बदलने का वादा किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा के साथ नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने रविवार को भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। 28 सूत्रीय संकल्प पत्र में प्रदेश में बुनियादी सुविधा के सुधार पर जोर दिया गया है। संकल्प पत्र जारी करने के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा नगरीय क्षेत्र में जनता को बुनियादी सुविधा पेयजल, सफाई, पार्क आदि बेहतर की जाएगी। इसमें 13 शहर स्मार्ट सिटी और 61 अमृत योजना का हिस्सा है। सरकार अपने स्तर पर भी बुनियादी सुविधा बेहतर करने के लिए सर्वे करा रही है। प्रदेश में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के साथ ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन पर काम हो रहा है। 16 नगर निगमों में गौशाला के साथ पुरानी कांजी हाउस की व्यवस्था की गई है। सूबे के आठ महानगरों में मेट्रो के लिए डीपीआर और सर्वे का कार्य जारी है। क्षेत्रीय वायु सेवा पर भी काम कर रहे हैं। शहरों के एयर स्ट्रिप का विकास किया जा रहा है। सभी 75 जिलों के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रॉडक्ट की नीति लाई जाएगी जो वहां के एक परंपरागत उत्पाद के ब्रैंडिंग और उत्पादन पर केंद्रित होगी। उन्होंने कहा कि अंतिम पायदान तक के व्यक्ति को विकास से जोड़ा जाएगा जिसे शरारतपूर्ण ढंग से पिछली सरकारों ने बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर रखा था। वहीं लखनऊ, मथुरा, वृंदावन, विंध्याचल, प्रयाग, अयोध्या को हवाई सेवा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार पहली बार 16 नगर निगमों में चुनाव होंगे। अयोध्या का नया नगर निगम बनाया गया है। इससे पहले 12 नगर निगमों में चुनाव होते थे।
वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि भाजपा आज संकल्प पत्र के विमोचन के लिए आई है। भाजपा कोई भी चुनाव उद्देश्य के साथ लडती है, हमारा उद्देश्य जनसेवा होता है। सत्ता का उपभोग हमारा उद्देश्य नही होता है। हम विधानसभा में भी संकल्प पत्र के साथ उतरे थे। आज भी हम उद्देश्य के साथ उतरे है। हमारा उद्देय सिर्फ पार्षद बनाना नही है। उन्होंनेे कहा कि सुंदर-स्वच्छ व्यवस्थित महानगर व नगर भाजपा का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज विश्वपटल पर अपना परचम फहरा रहा है। दुनिया भर से लोग भारत आ रहे हैं। वर्तमान में भारत की युवा ऊर्जा की आंखों में दुनिया की अगुवाई करने के लिए आगे आ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता प्रचार को लेकर पूरी तन्मयता से जुट जाए। प्रचार के दौरान कार्यकर्ता घर-घर जा कर वोट मांगें। संकल्प पत्र में स्वच्छता, पर्यावरण, पेयजल, स्ट्रीट लाइट्स की व्यवस्था को संकल्प पत्र में विशेष प्राथमिकता दी गई है। बिजली बचाने के उद्देश्य से नगर निगमों में स्ट्रीट लाइट्स को एलईडी से बदला जाएगा। नगरीय क्षेत्र में जल भराव से छुटकारा दिलाने के लिए बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था करने, व्यक्तिगत शौचालय की राशि चार हजार से बढ़ाकर बीस हजार रुपये करने की बात कही गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *