एशिया कप विजेताओं का हुआ शानदार स्वागत

नई दिल्ली,रविवार को ढाका में 10 साल का सूखा खत्म कर 10वें एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में मलेशिया को 2-1 से हराकर स्वदेश लौटी भारतीय टीम का सोमवार को भारत लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद फैंस ने ढोल-बाजों के साथ भारतीय हॉकी टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी सरदारा सिंह ने कहा,हमारी टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही इससे निश्चित रूप से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। आपको बता दें कि रविवार को फाइनल में मलेशिया को 2-1 से मात देकर भारत ने 10 साल बाद एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट पर कब्जा कर लिया। भारत की ओर से रमनदीप सिंह (तीसरे मिनट) और ललित उपाध्याय (29वें मिनट) के नाम एक-एक गोल रहा। उधर, पाकिस्तान ने कोरिया को 6-3 से हरा टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।
इस जीत के साथ ही मनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत टीम ने 10 साल बाद एक बार फिर एशियाई हॉकी का ताज हासिल कर लिया है। इससे पहले 2007 में चैंपियन बना था। एशिया कप में भारत का यह तीसरा खिताब रहा। पहली बार भारत ने 2003 में एशिया कप पर कब्जा किया था।
इसके पूर्व रविवार को फाइनल मैच में भारत ने पहले क्वार्टर में 1-0 से खत्म किया था। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में काफी समय तक संघर्ष करने के बाद 29वें मिनट में ललित उपाध्याय ने गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में मलेशिया और भारत के बीच काफी संघर्ष देखा गया। दोनों में से कोई भी टीम इस क्वार्टर में गोल नहीं कर पाई। इसके बाद चौथे क्वार्टर में गोलकीपर आकाश चिकते ने अहम भूमिका निभाई। इस क्वार्टर में मलेशिया ने दो बार पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन दोनों ही बार प्रतिद्वंद्वी टीम के गोल करने की उम्मीदों पर आकाश ने पारी फेर दिया और इस प्रकार भारत ने मलेशिया को 2-1 से मात देकर हीरो हॉकी एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *