महाराष्ट्र में बारिश और बिजली गिरने से 12 की मौत

मुंबई,दक्षिण-पश्चिम मानसून गोवा होते हुए महाराष्ट्र पहुंच गया है। महाराष्ट्र के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश और बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश हो रही है।
गढ़चिरौली में बिजली गिरने से पांच, नांदेड़ में तीन, लातूर में दो और नासिक में एक व्यक्ति की की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसों में एक दर्जन लोगों के घायल होने की भी खबर है। वहीं, अहमदनगर में प्रवरा नदी में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून कर्नाटक के तटीय इलाकों, गोवा और कोंकण पर छा चुका है। विभाग के निदेशक एमएल साहू ने बताया कि गोवा और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में पिछले 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है। अगले 12 घंटे में तेज बारिश हो सकती है। साथ ही 45-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। हवाओं की गति और बढ़ सकती है। महाराष्ट्र के औरंगाबाद, जालना, हिंगोली, लातूर और उस्मानाबाद में बारिश जारी है। अगले 24 घंटे में मुंबई में भारी बारिश हो सकती है। लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने को कहा गया है। मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 31.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रायगढ़ में सर्वाधिक 53.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश से गिरा कारखाना
ठाणे जिले के भिवंडी में लक्ष्मी कंपाउंड के अंदर बनी एक पॉवर लूम फैक्ट्री का आधा हिस्सा ढह गया। हादसा तड़के चार बजे हुआ। दुर्घटना के वक्त कुछ मजदूर भी मिल में काम कर रहे थे। लेकिन, कोई हताहत नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *